रायपुर। वनांचल के गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड को बड़ी सौगात मिली है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्राम मुड़घुसरी में ₹1.48 करोड़ की लागत से बनने वाले तीन सड़क मार्गों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
कुल 15.40 किलोमीटर लंबाई के इन सड़क मार्गों के निर्माण से बैगा बाहुल्य क्षेत्र के ग्रामीणों का आवागमन आसान होगा। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य जरूरी सेवाओं तक ग्रामीणों की पहुंच बेहतर होगी।
इन तीन मार्गों का होगा निर्माण
भूमिपूजन के तहत तीन सड़क मार्गों का निर्माण किया जाएगा। इनमें मुड़घुसरी से ठाकुरटोला मार्ग 3.30 किमी, ठाकुरटोला से बांटीपथरा मार्ग 4.00 किमी और सिंघारी से पांडातराई मार्ग 8.40 किमी लंबा होगा।
इन सड़कों के बेहतर होने से वनांचल के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा मजबूत होगी। साथ ही विकास कार्यों और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
बेहतर सड़क से शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि वनांचल क्षेत्रों का विकास शासन की प्राथमिकता है। सड़क सहित मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर ग्रामीणों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें ग्रामीणों के जीवन को आसान बनाने के साथ ही क्षेत्र में विकास की नई संभावनाओं का रास्ता खोलती हैं। सड़क सुविधा मजबूत होने से विद्यार्थियों, मरीजों, किसानों और आम नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार तथा अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सहूलियत होगी।
ग्रामीणों से किया संवाद, सुनीं मांग और समस्याएं
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामवासियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों से गांव में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, आवश्यक विकास कार्यों और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री आवास योजना सहित शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। विजय शर्मा ने कहा कि गांव के विकास में ग्रामीणों की सहभागिता महत्वपूर्ण है और शासन विकास कार्यों एवं योजनाओं के माध्यम से सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रहा है।
ये जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नितेश अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष बोड़ला विजय पाटिल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे, संतोष पटेल, मनीराम साहू, भुनेश्वर चंद्राकर, रामकिंकर वर्मा और खिलेश्वर साहू सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।


