मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के ग्राम लोहारी की रहने वाली मजदूर मां रामवती सिंह के लिए अपने बेटे को अच्छी शिक्षा दिलाना आसान नहीं था। मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने के साथ बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाना उनके लिए बड़ी चुनौती थी।
अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना बनी सहारा
ऐसे समय में छत्तीसगढ़ सरकार की अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना रामवती के परिवार के लिए उम्मीद की किरण बनी। योजना के माध्यम से उनके बेटे समीर सिंह को कक्षा 6वीं से 12वीं तक निःशुल्क शिक्षा मिल रही है। इससे परिवार पर पढ़ाई का आर्थिक बोझ कम हुआ है और समीर के बेहतर भविष्य की राह आसान हुई है।
श्रम विभाग के पंजीयन से मिला लाभ
रामवती सिंह का श्रम विभाग में पंजीयन है। इसी पंजीयन के माध्यम से उनके बेटे को अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना का लाभ मिला। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए यह योजना शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सहारा बनी है।
बेटे के भविष्य को लेकर बढ़ा भरोसा
रामवती का कहना है कि मजदूरी कर परिवार चलाते हुए बच्चे की पढ़ाई का खर्च उठाना चुनौतीपूर्ण था। सरकार की योजना से उनके बेटे को पढ़ने का अवसर मिला है। अब उन्हें भरोसा है कि समीर अच्छी शिक्षा हासिल कर अपने सपनों को पूरा करेगा और जीवन में बेहतर मुकाम हासिल करेगा।
मुख्यमंत्री और श्रम विभाग का जताया आभार
रामवती सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और श्रम विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार की इस योजना से उनके बच्चे को पढ़ाई का सुनहरा अवसर मिला है। उनके लिए यह योजना केवल निःशुल्क शिक्षा की सुविधा नहीं, बल्कि बेटे के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बन गई है।


