सागर। सागर जिले के खुरई देहात थाना क्षेत्र के गढौला जागीर से शिक्षा जगत को कलंकित करने वाला मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार संदीपनी स्कूल के प्राचार्य राजेश नामदेव और शिक्षक संदीप ठाकुर को ग्रामीणों ने शराब पार्टी करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
ग्रामीणों के मुताबिक प्राचार्य और शिक्षक का यह कृत्य विद्यालय जैसी पवित्र संस्था की गरिमा को कलंकित करता है। मौके पर ग्रामीणों ने हंगामा खड़ा कर दिया और प्राचार्य पर बदसलूकी और मारपीट का भी आरोप लगाया। इसके बाद उन्होंने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
ग्रामीणों ने बताया कि यह प्राचार्य और शिक्षक का रोजमर्रा का काम है, लेकिन आज उन्हें रंगे हाथ पकड़ा गया। इस दौरान कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। स्थानीय प्रशासन से ग्रामीणों ने मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

