रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से बुधवार को राजधानी रायपुर स्थित उनके निवास में मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने शॉल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।
बैठक में दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय विकास, आपसी समन्वय और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। साथ ही छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई गई।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने रीवा-रायपुर के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के संयुक्त प्रयासों से यह सुविधा संभव हो सकी है, जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
श्री शुक्ला ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी दोनों राज्यों के साझा हितों को आगे बढ़ाने की बात कही।
उल्लेखनीय है कि रीवा और रायपुर के बीच हवाई सेवा शुरू होने से छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के लोगों की यात्रा अब पहले से अधिक आसान और तेज हो जाएगी।
इस मौके पर छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, डॉ. हिमांशु द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

