नया रायपुर, 18 मार्च 2026। अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT-NR) में 21वें छत्तीसगढ़ युवा वैज्ञानिक सम्मेलन (CYSC–2026) का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया। यह दो दिवसीय सम्मेलन छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद और ट्रिपल आईटी नया रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि राज्य के विकास में विज्ञान, नवाचार और शोध की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अपने छात्र जीवन का अनुभव साझा करते हुए कहा कि विज्ञान की पढ़ाई में भाषा बाधा बनती है, इसलिए अब समय आ गया है कि क्षेत्रीय भाषाओं में भी विज्ञान शिक्षा और शोध को बढ़ावा दिया जाए, ताकि ग्रामीण पृष्ठभूमि के विद्यार्थी भी आसानी से ज्ञान अर्जित कर सकें।
उन्होंने भारत की प्राचीन वैज्ञानिक परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारे ऋषि-मनीषियों ने गहन वैज्ञानिक चिंतन किया था, जो आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने वैज्ञानिक अध्ययन में प्रायोगिक और वैचारिक दोनों दृष्टिकोणों के समन्वय पर जोर दिया।
सम्मेलन में राज्य के युवा वैज्ञानिकों द्वारा प्रस्तुत 194 शोध-पत्रों का मूल्यांकन करने के लिए देशभर से 45 विशेषज्ञ आमंत्रित किए गए हैं। इन शोध-पत्रों को 20 विभिन्न वैज्ञानिक विषयों में प्रस्तुत किया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि राज्य सरकार वैज्ञानिकों और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए “विज्ञान तीर्थ दर्शन योजना” शुरू करने जा रही है। इसके तहत छात्र भारत के महान वैज्ञानिकों—सी.वी. रमन, जगदीश चंद्र बोस, होमी भाभा, विक्रम साराभाई, सत्येंद्रनाथ बोस सहित अन्य के कार्यस्थलों का भ्रमण कर सकेंगे।
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक पी. कवीश्वर, पूर्व कुलपति प्रो. एस.के. पांडेय और IIIT-NR के कुलपति प्रो. ओम प्रकाश व्यास सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने राज्य में विज्ञान एवं तकनीकी परियोजनाओं और अनुसंधान अनुदान की जानकारी दी। वहीं प्रो. ओम प्रकाश व्यास ने ‘इंटरडिसिप्लिनरी रिसर्च’ और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
सम्मेलन के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी शामिल होंगे और उत्कृष्ट शोध-पत्र प्रस्तुत करने वाले युवा वैज्ञानिकों को सम्मानित करेंगे। इस कार्यक्रम में इटली की कंपनी स्मार्ट मी के CEO डॉ. एंजेलो ज़ाइया की उपस्थिति भी प्रस्तावित है।

