छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के महज दो दिन बाद ही दूल्हे की सड़क हादसे में मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम ठाकुरपोड़ी निवासी 35 वर्षीय देवांगन सिदार की 8 अप्रैल को जशपुर जिले के कोतबा में शादी हुई थी। 9 अप्रैल को गांव में रिसेप्शन कार्यक्रम रखा गया था।
रिसेप्शन के अगले दिन 10 अप्रैल को देवांगन अपने दोस्तों के साथ ट्रैक्टर में टेंट का सामान छोड़ने बालापोढ़ी गांव जा रहा था। इसी दौरान सतीपारा सरपंच के घर के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर का ब्रेक फेल हो गया और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से देवांगन सिदार के सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं, जबकि उसके तीन साथी—सीमोन एक्का, सुशील एक्का और द्वारिका सिदार—भी घायल हो गए।
सभी घायलों को पत्थलगांव अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत में देवांगन को रायपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में नंदन झरिया के पास उसकी मौत हो गई।
फिलहाल एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि दो को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

