छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ग्राम सिधमा में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां रिश्तेदारों ने एक वृद्धा पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान राजी बाई के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल को परिवार के लोग खेत में काम करने गए थे, जबकि वृद्धा घर पर अपनी नतनी पायल के साथ थी।
इसी दौरान आरोपी रिश्तेदार घर पहुंचे और जमीन बंटवारे को लेकर विवाद करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने वृद्धा के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी।
नतनी पायल ने दौड़कर परिजनों को सूचना दी, लेकिन जब तक वे मौके पर पहुंचे, आरोपी फरार हो चुके थे।
अगले दिन परिवार को सूचना मिली कि वृद्धा की तबीयत बिगड़ गई है। जब परिजन घर पहुंचे, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने जांच के बाद हत्या का मामला दर्ज कर संजय मानिकपुरी, परमेश्वरी उर्फ पनेसरी, सरस्वती उर्फ बुधो, राजकुमारी उर्फ जुईया, चैतू मानिकपुरी और फुलकुंवर को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

