छत्तीसगढ़ के गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान के जनकपुर पार्क परिक्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष का एक और मामला सामने आया है।
यहां जंगल में महुआ बीनने गए एक ग्रामीण की हाथी के हमले में मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रही।
जानकारी के अनुसार, खोहरा बीट के जंगल में दंपति महुआ बीनने गए थे। इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया।
हमले में प्रेमलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी वहां से भागकर बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के परिजनों को मुआवजा राशि प्रदान की गई है। फिलहाल वन विभाग मामले की जांच में जुटा हुआ है।


