आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने 24 वर्षीय युवक अमित कुमार की हत्या के आरोप में उसकी पत्नी और छोटे भाई को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच कथित प्रेम संबंध थे और इसी वजह से युवक की हत्या की साजिश रची गई।
खेत में मिला था युवक का शव
मृतक अमित कुमार स्थानीय रेस्टोरेंट में वेटर का काम करता था। बुधवार को उसका शव सदर बाजार थाना क्षेत्र के सुल्तानपुरा इलाके में एक खेत में मिला था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।
पुलिस ने हत्या, साक्ष्य मिटाने और आपराधिक साजिश की धाराओं में मामला दर्ज किया था।
https://x.com/HateDetectors/status/2068242697723183451?ref_src=twsrc%5Etfw%7Ctwcamp%5Etweetembed%7Ctwterm%5E2068242697723183451%7Ctwgr%5Ea4e82cd65fe82850249277524bf9cd2e5c3a6f54%7Ctwcon%5Es1_c10&ref_url=https%3A%2F%2Fwww.ibc24.in%2Futtar-pradesh%2Fagra%2Fdewar-and-bhabhi-caught-during-sex-in-bedroom-3644142.html
CCTV और सबूतों से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। घटनास्थल से खून से सना एक पत्थर भी बरामद किया गया, जिसे हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार माना जा रहा है।
साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस का शक मृतक के छोटे भाई भोला (20) और उसकी पत्नी पर गया। पूछताछ में कई अहम खुलासे होने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
शादी से पहले से था संपर्क
पुलिस के अनुसार महिला और उसका देवर सोशल मीडिया के जरिए शादी से पहले ही एक-दूसरे के संपर्क में थे। शादी के बाद भी दोनों के बीच बातचीत जारी रही।
जांच में सामने आया कि महिला अपनी वैवाहिक जिंदगी से संतुष्ट नहीं थी और देवर के साथ भविष्य में रहने की योजना बना रही थी। इसी कारण दोनों ने अमित कुमार को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
पहले हमला, फिर गला घोंटकर हत्या
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास के अनुसार आरोपियों ने पहले अमित पर पत्थर से हमला किया। इसके बाद तौलिया जैसे कपड़े से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद दोनों ने सबूत मिटाने और पुलिस को गुमराह करने की भी कोशिश की।
खुद को बचाने के लिए किया ड्रामा
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के बाद महिला ने खुद को निर्दोष साबित करने के लिए आत्महत्या की कोशिश का नाटक किया था। हालांकि जांच के दौरान सभी तथ्य सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

