रायगढ़। छत्तीसगढ़ में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। रायगढ़ के कालिंदी कुंज निवासी राजेश कुमार अग्रवाल और उनके बेटे शैलेश अग्रवाल पर 8 व्यापारियों से शक्कर का माल लेकर 2 करोड़ 1 लाख 36 हजार 633 रुपये की ठगी करने का आरोप लगा है। मामले में रायपुर के खमतराई थाना में FIR दर्ज की गई है।
बड़े कारोबारी बनकर जीता भरोसा
शिकायत के अनुसार आरोपी राजेश अग्रवाल खुद को बड़े ट्रांसपोर्ट और कोल्ड स्टोरेज व्यवसाय से जुड़ा प्रभावशाली कारोबारी बताता था। वह महावीर ट्रांसपोर्ट और चंदगीराम कोल्ड स्टोरेज जैसी कंपनियों से जुड़ाव का दावा कर व्यापारियों का भरोसा जीतता था।
बताया गया कि आरोपी रायपुर के रामसागरपारा स्थित एक होटल में ठहरकर व्यापारियों से संपर्क करता था और बड़े ऑर्डर तथा जल्द भुगतान का भरोसा देता था।
3-4 दिन में भुगतान का दिया था भरोसा
आरोपियों ने व्यापारियों को आश्वासन दिया था कि रायगढ़ पहुंचने के 3 से 4 दिनों के भीतर शक्कर का पूरा भुगतान कर दिया जाएगा। इसी भरोसे में व्यापारियों ने बिना अग्रिम भुगतान के माल भेज दिया।
लेकिन माल पहुंचने के बाद आरोपियों ने भुगतान टालना शुरू कर दिया। बाद में फोन उठाना बंद कर दिया और कई व्यापारियों के नंबर ब्लॉक कर दिए।
8 व्यापारियों से करोड़ों की ठगी
पुलिस जांच में सामने आया है कि कुल 8 व्यापारियों से शक्कर लेकर भुगतान नहीं किया गया। पीड़ितों में राजधानी ट्रेडर्स, आरके बंसल एंड कंपनी, केएच शुगर, वर्धमान ट्रेडिंग, तुलश्यन ट्रेडर्स, भगवानदास भोजराज फर्म, बालाजी गुड्स और सिंघल प्रोविजन शामिल हैं।
सभी व्यापारियों को मिलाकर कुल 2.01 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
व्यापारियों की शिकायत पर खमतराई थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 316(5), 318(4) और 60(A) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह एक सुनियोजित आर्थिक अपराध प्रतीत होता है, जिसमें भरोसा जीतकर बड़ी मात्रा में माल लिया गया और बाद में संपर्क तोड़ दिया गया।
आरोपियों की तलाश जारी
FIR दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। साथ ही उनके बैंक खातों, व्यापारिक लेनदेन और संपर्कों की भी जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी रायगढ़ या आसपास के क्षेत्रों में छिपे हो सकते हैं।

