CG News : दुर्ग। भिलाई के टाउनशिप क्षेत्र में एक कॉलेज छात्र की आत्महत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। सेक्टर-4 स्थित बंद पड़े बीएसपी स्कूल परिसर में 22 वर्षीय युवक का शव फंदे पर लटका मिला। मौके से बरामद सुसाइड नोट ने मामले को और भी रहस्यमय बना दिया है।
मृतक की पहचान दीपांशु वर्मा के रूप में हुई है, जो कल्याण कॉलेज का छात्र था। उसके पिता भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में कार्यरत हैं। घटना के बाद परिवार और परिचित गहरे सदमे में हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दीपांशु घर से निकलने से पहले अपनी मां से 100 रुपये लेकर गया था। आशंका जताई जा रही है कि उन्हीं पैसों से उसने रस्सी खरीदी और बाद में आत्मघाती कदम उठा लिया।
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। नोट में युवक ने लिखा, “मुझसे इतनी नफरत के लिए धन्यवाद”। इसके साथ ही उसने अपने अंतिम संस्कार से जुड़ी इच्छा भी जाहिर की है। हालांकि उसने यह संदेश किसके लिए लिखा, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। परिजनों, दोस्तों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सके। मामले में मर्ग कायम कर विस्तृत जांच जारी है।

