CG News : पिथौरा। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सोनाखान वनपरिक्षेत्र अंतर्गत महकम गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ गांव के बीच स्थित एक घर की बाड़ी में आकर बैठ गया। तेंदुए को देखते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई और इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई।
जानकारी के अनुसार, तेंदुआ गांव निवासी सुनील साहू के घर के पीछे बनी बाड़ी में देखा गया। सुबह करीब 7 बजे तेंदुए की मौजूदगी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटने लगे। हालांकि संभावित खतरे को देखते हुए वन विभाग ने लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी।
सूचना मिलते ही सोनाखान वनपरिक्षेत्र की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू कर दी। वनकर्मियों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर तेंदुए की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी है।
वन विभाग का प्रयास है कि तेंदुए को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित जंगल की ओर भेजा जाए। वहीं गांव के रिहायशी इलाके में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
वन विभाग लगातार मुनादी कर लोगों से घरों में रहने, बच्चों को बाहर नहीं भेजने और तेंदुए के नजदीक न जाने की अपील कर रहा है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

