CG News : कोरिया। छत्तीसगढ़ के चर्चित नौगई तिहरे हत्याकांड के बाद क्षेत्र में आक्रोश और तनाव का माहौल बना हुआ है। मामले को लेकर प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम बैकुंठपुर के महलपारा स्थित मृतक भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह के निवास पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान परिजनों ने घटना को लेकर गहरी नाराजगी जताते हुए कई अहम मांगें रखीं। परिवार ने आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई, मामले की CBI जांच और अन्य संलिप्त आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
परिजनों का कहना है कि यह केवल हत्या का मामला नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश है, जिसकी निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय दिलाने की अपील की।
मंत्री रामविचार नेताम ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि सरकार मामले को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
इस दौरान स्थानीय विधायक भैयालाल राजवाड़े, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी जायसवाल, शैलेश शिवहरे सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।


