CG Kidnapping : जशपुर। जशपुर जिले की सिटी कोतवाली पुलिस ने एक महीने के मासूम बच्चे के अपहरण मामले का खुलासा करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार ने बताया कि बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम मरंगीपाठ की एक पहाड़ी कोरवा महिला अपने एक माह के बच्चे का इलाज कराने जिला अस्पताल जशपुर आई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक अज्ञात महिला से हुई, जिसने झाड़-फूंक के जरिए बच्चे को ठीक करने का भरोसा दिलाकर परिवार का विश्वास जीत लिया।
होटल में खाना खाने के दौरान लेकर हुई फरार
जानकारी के अनुसार आरोपी महिला इलाज के बहाने पूरे परिवार को जशपुर बस स्टैंड लेकर गई। वहां उसने परिजनों को हड़िया पिलाई और बाद में एक होटल में भोजन कराने ले गई। इसी दौरान जब बच्चे के माता-पिता खाना खाने में व्यस्त थे, आरोपी महिला मासूम को लेकर मौके से फरार हो गई।
CCTV फुटेज से मिला बड़ा सुराग
बच्चे के अचानक गायब होने से परिजनों में हड़कंप मच गया। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो सिटी कोतवाली जशपुर में शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और बस स्टैंड सहित आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
बगीचा से आरोपी महिला गिरफ्तार
तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान कर उसे बगीचा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक माह के मासूम बच्चे को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

