CG News : जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के गंभीर किडनी रोगी जितेन्द्र कुमार यादव (44 वर्ष) को बड़ी राहत देते हुए उनके उपचार के लिए 3 लाख 95 हजार 121 रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। यह राशि मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत मंजूर की गई है।
जानकारी के अनुसार, जितेन्द्र कुमार यादव गंभीर किडनी बीमारी से पीड़ित हैं और उन्हें रेनल ट्रांसप्लांट (किडनी प्रत्यारोपण) की आवश्यकता है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार के लिए इलाज का खर्च जुटाना मुश्किल हो रहा था। इसके बाद परिजनों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के बगिया स्थित कैंप कार्यालय पहुंचकर आर्थिक सहायता की मांग की थी।
आवेदन पर तुरंत हुआ एक्शन
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तत्काल संज्ञान लिया और मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत सहायता राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिए। इसके बाद 3,95,121 रुपये की राशि मंजूर की गई।
अहमदाबाद में होगा उपचार
स्वीकृत सहायता राशि अहमदाबाद स्थित जी.आर. दोशी एवं के.एम. मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ किडनी एंड रिसर्च सेंटर में किडनी प्रत्यारोपण, उपचार और आवश्यक दवाइयों के लिए प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार गंभीर और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है ताकि जीवनरक्षक उपचार के अभाव में किसी भी परिवार को परेशानी का सामना न करना पड़े।
सहायता राशि स्वीकृत होने के बाद मरीज और उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। परिजनों ने कहा कि इस सहायता से अब इलाज का रास्ता आसान होगा और परिवार को नई उम्मीद मिली है।

