रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में ग्रामीण सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत पामगढ़–लाहौद मार्ग से डोंगाकोहरौद बस्ती तक सड़क निर्माण के लिए 605.09 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस परियोजना के तहत 4.337 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। यह मार्ग लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग रहा है। सड़क बनने से डोंगाकोहरौद बस्ती सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को वर्षभर सुरक्षित, सुगम और बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी।
नई सड़क के निर्माण से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और कृषि उपज के परिवहन में सुविधा मिलेगी। साथ ही अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच भी आसान होगी, जिससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
राज्य सरकार का कहना है कि ग्रामीण संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण के माध्यम से प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ने का अभियान लगातार जारी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सड़क अधोसंरचना को मजबूत कर गांवों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।


