कवर्धा। सांसद संतोष पांडेय की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं और विकास कार्यक्रमों की विभागवार समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि कबीरधाम जिले के समग्र विकास में दिशा समिति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं के निराकरण के लिए समय-सीमा तय कर गुणवत्तापूर्ण समाधान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय राजमार्ग और सड़क निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
बैठक के दौरान सांसद ने राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताई और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के साथ पुल-पुलियों का कार्य भी समानांतर रूप से पूरा किया जाए।
प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बोड़ला विकासखंड के दलदली मेन रोड-खारिया से अगरी तक सड़क निर्माण में लापरवाही पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
आवास, जल जीवन मिशन और जी-रामजी योजना की समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन के तहत टंकी निर्माण और नल कनेक्शन विस्तार, सड़क निर्माण तथा विकसित भारत जी-रामजी योजना के कार्यों की समीक्षा की गई। सांसद ने इन योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने प्रभावी क्रियान्वयन का दिया भरोसा
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने कहा कि सभी विभागों द्वारा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। जहां भी कमियां होंगी, उन्हें दूर करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में निरंतर सुधार किया जाएगा।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल, डीएफओ निखिल अग्रवाल, अपर कलेक्टर नरेंद्र पैंकरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल, जनप्रतिनिधि, दिशा समिति के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, अटल पेंशन योजना सहित अनेक केंद्रीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


