रायपुर, 20 जुलाई 2026। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने अंबिकापुर स्थित अपने निवास पर आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान उन्होंने आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतों और मांगों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनदर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने सड़क, पेयजल, बिजली, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दे मंत्री के समक्ष रखे। मंत्री राजेश अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जनदर्शन आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम है, जिससे समस्याओं को सीधे समझकर उनका समाधान किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना और क्षेत्र के समग्र विकास को गति देना उनकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए। लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे मंत्री के समक्ष रखने का अवसर मिलने और त्वरित कार्रवाई के निर्देशों पर संतोष जताते हुए जनदर्शन व्यवस्था की सराहना की।


