रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में 3 अगस्त से 7 अगस्त तक पांच दिवसीय सहयोग केंद्र का संचालन किया जाएगा। इस दौरान राज्य सरकार के अलग-अलग कैबिनेट मंत्री प्रतिदिन प्रदेशभर से आने वाले कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे तथा उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देंगे।
सहयोग केंद्र प्रभारी सच्चिदानंद उपासने ने बताया कि प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित मंत्री प्रदेश कार्यालय में मौजूद रहेंगे। इस दौरान लोगों की शिकायतें सुनकर उनके निराकरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिससे नागरिकों और कार्यकर्ताओं को अपनी समस्याएं सीधे मंत्रियों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
पहले कराना होगा पंजीयन
जनसुनवाई में शामिल होने के इच्छुक लोगों को दोपहर 2 बजे से 3 बजे के बीच भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर अपना पंजीयन कराना होगा। पंजीयन के बाद टोकन जारी किया जाएगा और उसी के आधार पर क्रमवार सुनवाई होगी।
किस दिन कौन मंत्री करेंगे जनसुनवाई
- 3 अगस्त: गुरु खुशवंत साहेब
- 4 अगस्त: स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल
- 5 अगस्त: शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव
- 6 अगस्त: राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा
- 7 अगस्त: कृषि मंत्री रामविचार नेताम


