मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के लाभांडी स्थित निजी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित CG टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026 में शामिल होकर प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और देशभर से आए टेंट एवं इवेंट उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों से संवाद कर आयोजन की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन उद्योगों को नई दिशा देने, आधुनिक तकनीकों से जोड़ने और व्यापारिक अवसरों का विस्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ आज उद्योग और व्यापार के लिए देश के सबसे अनुकूल राज्यों में तेजी से उभर रहा है। राज्य सरकार की नई उद्योग नीति को देश-विदेश में सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और निवेशकों का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां उद्योग, व्यापार और उद्यमिता को समान अवसर मिलें तथा युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए रास्ते खुलें। मुख्यमंत्री ने बताया कि तीन दिवसीय CG टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026 स्थानीय व्यवसायियों को आधुनिक तकनीक, नए उत्पाद, आकर्षक डिजाइनों और बदलती बाजार जरूरतों से परिचित कराने का प्रभावी मंच है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि टेंट एवं इवेंट उद्योग सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और शासकीय आयोजनों का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। यह उद्योग हजारों युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने बताया कि लखपति दीदी अभियान के तहत कई महिला स्व-सहायता समूह भी टेंट व्यवसाय से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बने हैं।
उन्होंने कहा कि छोटे और मध्यम स्तर के व्यवसायियों को ऐसे आयोजनों से आधुनिक मशीनों, डिजिटल प्रबंधन, सजावटी सामग्री और व्यवसाय विस्तार की नई जानकारी मिलेगी, जिससे उनका कारोबार अधिक प्रतिस्पर्धी और लाभकारी बनेगा।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की भौगोलिक स्थिति को व्यापार और लॉजिस्टिक्स के लिए अनुकूल बताते हुए कहा कि राज्य सरकार सड़क, रेलवे और हवाई संपर्क को लगातार मजबूत कर रही है। उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है और कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन परियोजना को भी आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, टेंट ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विपुल सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत सिंह दुआ, रंजीत कौर दुआ सहित देशभर से आए टेंट एवं इवेंट उद्योग से जुड़े व्यवसायी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


