दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी श्रमिकों की मृत्यु के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर राज्य सरकार ने पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए त्वरित कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने दोनों दिवंगत श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। यह राशि जम्मू-कश्मीर सरकार द्वारा दी जा रही सहायता से अतिरिक्त होगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर छत्तीसगढ़ सरकार के दो वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल जम्मू-कश्मीर भेजा गया है। अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर पीड़ित परिवारों को राहत एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में जुटे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पीड़ित परिवारों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक दोनों परिवार सुरक्षित अपने गृह जिले नहीं पहुंच जाते, तब तक राज्य सरकार के अधिकारी उनके साथ रहकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे।
जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने दोनों पीड़ित परिवारों को दो-दो लाख रुपये की अंतरिम सहायता प्रदान कर दी है। इसके अलावा 14-14 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि भी शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इस दुखद और कठिन समय में छत्तीसगढ़ सरकार दोनों शोकाकुल परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है तथा हर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।


