रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार की सीएम हेल्पलाइन 1076 प्रदेश में सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेह प्रशासन की सशक्त पहचान बन चुकी है। यह केवल शिकायत दर्ज कराने का मंच नहीं, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, प्रभावी और संतोषजनक समाधान का भरोसेमंद माध्यम बनकर उभरी है। इसके जरिए शासन और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ है, जिससे शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
कोरबा का प्रदर्शन राज्य औसत से बेहतर
कोरबा जिले में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से अधिकारियों को लंबित मामलों का समय-सीमा में समाधान और शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
जिले में अब तक 4042 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 73.60 प्रतिशत का निराकरण किया जा चुका है, जबकि राज्य का औसत 63.84 प्रतिशत है। वहीं 61.37 प्रतिशत शिकायतकर्ताओं ने समाधान पर सकारात्मक फीडबैक दिया, जो राज्य औसत 55.68 प्रतिशत से बेहतर है।
राशन कार्ड से लेकर बिजली तक मिली राहत
ग्राम पोलमी निवासी गौरीबाई को राशन कार्ड नहीं मिलने से सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा था। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत के बाद उन्हें अंत्योदय राशन कार्ड उपलब्ध कराया गया, जिससे अब वे विभिन्न योजनाओं का लाभ ले रही हैं।
कटघोरा की वंदना यादव ने आवारा कुत्तों की समस्या की शिकायत दर्ज कराई। नगर पालिका ने कुछ ही घंटों में बंध्याकरण और टीकाकरण अभियान चलाकर समस्या का समाधान किया।
मोतीसागरपारा निवासी शांतनु मिश्रा की नाली सफाई संबंधी शिकायत पर नगर निगम ने तत्काल कार्रवाई कर जल निकासी सुचारु कराई। वहीं वार्ड-58 में लंबे समय से पड़े कचरे को भी जेसीबी और ट्रैक्टर की मदद से हटाकर क्षेत्र को साफ कराया गया।
स्ट्रीट लाइट और बिजली समस्या का भी त्वरित समाधान
मोतीसागरपारा निवासी कन्हैया लाल टेवानी की खराब स्ट्रीट लाइट की शिकायत अगले ही दिन दूर कर दी गई। वहीं पंप-हाउस क्षेत्र निवासी रामकुमार साहू की बिजली वोल्टेज (अप-डाउन) की समस्या का विद्युत विभाग ने लगभग एक घंटे के भीतर समाधान कर दिया।
सुशासन की मजबूत पहचान बनी 1076 हेल्पलाइन
इन उदाहरणों से स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पंचायत, राजस्व, नगरीय निकाय, बिजली, पेयजल, सड़क, खाद्य और सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न विभागों की शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित कर रही है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप शासन-प्रशासन केवल शिकायतों का निस्तारण ही नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता की पूर्ण संतुष्टि सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य कर रहा है। बढ़ता सकारात्मक फीडबैक इस बात का प्रमाण है कि सरकार की जनहितैषी नीतियां धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू हो रही हैं और जनता का प्रशासन पर भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है।


