रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का प्रभावी क्रियान्वयन जारी है। केंद्र और राज्य सरकार की सब्सिडी के सहारे प्रदेश के हजारों परिवार सौर ऊर्जा अपनाकर बिजली खर्च में बचत और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
इसी क्रम में कोरबा शहर के पोड़ीबहार निवासी सुरेश सिंह ने योजना का लाभ उठाकर अपने घर की छत पर पहले 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कराया। बेहतर परिणाम मिलने के बाद उन्होंने एक और 3 किलोवाट का संयंत्र लगवाया। वर्तमान में उनके घर में कुल 6 किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम स्थापित है, जिससे उनका घर स्वच्छ सौर ऊर्जा से संचालित हो रहा है।
बिजली बिल हुआ क्रेडिट में
सुरेश सिंह ने बताया कि सोलर संयंत्र लगने के बाद उनके बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई है। अब उनका बिजली बिल माइनस (क्रेडिट) में आने लगा है। उन्होंने बताया कि पिछले छह महीनों से बिजली बिल की कोई चिंता नहीं रही और अतिरिक्त उत्पादित बिजली का भी लाभ मिल रहा है। इससे परिवार की मासिक बचत बढ़ी है और आर्थिक राहत मिली है।
सब्सिडी से आसान हुई स्थापना
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की सब्सिडी के कारण सोलर संयंत्र लगाना आसान और किफायती हो गया। सौर ऊर्जा अपनाने से न केवल बिजली खर्च कम हुआ, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देने का अवसर मिला।
सुरेश सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस योजना का लाभ उठाकर स्वच्छ ऊर्जा और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाने की अपील की।


