रायपुर। धमतरी जिले के ग्राम नवागांव की बेटी रेणुका गोस्वामी को 15 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है। इस उपलब्धि पर उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल रेणुका की सफलता नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की बेटियों, ग्रामीण युवाओं और कौशल विकास की उपलब्धियों का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान है।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि रेणुका गोस्वामी ने दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना (DDU-GKY) के तहत प्रशिक्षण लेकर अपने जीवन को नई दिशा दी। आज वे अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रपति भवन तक पहुंची हैं, जो प्रदेश के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा है।
रेणुका गोस्वामी ने वर्ष 2018 में कौशल प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद कॉर्पोरेट क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की। वर्तमान में वे रायपुर की एक निजी कंपनी में एचआर मैनेजर के रूप में कार्यरत हैं और लगभग 40 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन प्राप्त कर रही हैं। उनकी सफलता से उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को कौशल विकास, रोजगार और आत्मनिर्भरता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रपति भवन में रेणुका गोस्वामी की उपस्थिति प्रदेश की बेटियों और युवाओं का उत्साह बढ़ाएगी तथा उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी।


