रायपुर। छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए गर्व की खबर है। बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की दो प्रतिभाशाली खिलाड़ी मधु सिदार और गीता यादव का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी 30 अगस्त से 13 सितंबर 2026 तक चीन के मोकी में आयोजित जूनियर महिला हॉकी एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
दोनों खिलाड़ियों के चयन पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने वीडियो कॉल के माध्यम से उन्हें बधाई दी और प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। खेल विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जशपुर जिले के कांसाबेल क्षेत्र के पोंगरो गांव की रहने वाली मधु सिदार किसान परिवार से हैं। उन्होंने सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप, स्कूल नेशनल और इंटर जोन चैंपियनशिप सहित कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। मार्च-अप्रैल 2026 में आयोजित खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स में भी उन्होंने हिस्सा लिया था और वर्तमान में बेंगलुरु में भारतीय जूनियर टीम के प्रशिक्षण शिविर का हिस्सा हैं।
वहीं कबीरधाम जिले के बोड़ला की गीता यादव पहले ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। वह वर्ष 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम, वर्ष 2025 में अर्जेंटीना तथा वर्ष 2026 में इंग्लैंड और स्कॉटलैंड दौरे पर भारतीय जूनियर टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
दोनों खिलाड़ियों का चयन इस बात का प्रमाण है कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर मिल रहे हैं। अब प्रदेशवासियों की निगाहें चीन में होने वाले जूनियर महिला हॉकी एशिया कप पर होंगी, जहां ये दोनों बेटियां भारत और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने के लिए मैदान में उतरेंगी।


