रायपुर, अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत आयोजित सूबेदार, उप-निरीक्षक (SI) संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 के प्रारंभिक लिखित परीक्षा परिणाम को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही भ्रामक जानकारियों पर स्थिति स्पष्ट की है।
आयोग ने बताया कि प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को घोषित किया गया था। परिणाम जारी होने के बाद सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर कुछ अभ्यर्थियों के नामों को लेकर भ्रामक और तथ्यहीन दावे किए जा रहे हैं।
अभ्यर्थियों के ऑनलाइन आवेदन में दर्ज नाम ही रिजल्ट में
CGPSC ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही रील्स और शॉर्ट्स वीडियो में किए जा रहे दावों का सख्ती से खंडन किया है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा परिणाम में अभ्यर्थियों के वही नाम प्रदर्शित किए गए हैं, जो उन्होंने स्वयं अपने ऑनलाइन आवेदन पत्र में दर्ज कर अंतिम रूप से सबमिट किए थे।
इन्हीं नामों के आधार पर अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक परीक्षण (PST) और प्रारंभिक लिखित परीक्षा की प्रक्रिया पूरी की गई थी।
Admit Card में भी यही नाम दर्ज थे
आयोग के अनुसार अभ्यर्थियों के प्रवेश-पत्र (Admit Card) में भी वही नाम अंकित थे, जो उनके ऑनलाइन आवेदन पत्र में दर्ज किए गए थे।
इन्हीं नामों के आधार पर अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन भी किया गया। ऐसे में सोशल मीडिया पर नामों को लेकर किए जा रहे दावों को आयोग ने तथ्यहीन और भ्रामक बताया है।
सोशल मीडिया की अफवाहों पर भरोसा न करें
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के अवर सचिव ने अभ्यर्थियों और आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली ऐसी किसी भी असत्य, भ्रामक और तथ्यहीन जानकारी या अफवाह पर विश्वास न करें।
आयोग ने कहा है कि परीक्षा से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए केवल छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध सूचनाओं पर ही भरोसा किया जाए।
आयोग ने अभ्यर्थियों से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो या पोस्ट के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचने के बजाय आधिकारिक सूचना की पुष्टि करने की अपील की है।


