बिजनेस डेस्क। ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते युद्ध तनाव का असर अब वैश्विक ऊर्जा बाजार पर भी दिखाई देने लगा है। दुनिया के कई देशों में गैस की किल्लत के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तेजी देखी जा रही है।
इस बीच पड़ोसी देश नेपाल में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए गए हैं। नेपाल ऑयल कॉर्पोरेशन ने नए रेट जारी करते हुए पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है, जो 16 मार्च 2026 से लागू हो गई है।
पेट्रोल 15 और डीजल 10 रुपये महंगा
नेपाल ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार पेट्रोल के दाम में 15 रुपये प्रति लीटर और डीजल व केरोसिन में 10 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।
नए रेट लागू होने के बाद अब नेपाल में पेट्रोल 172 रुपये प्रति लीटर और डीजल 152 रुपये प्रति लीटर में मिल रहा है।
कॉर्पोरेशन का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय हालात और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण यह फैसला लेना पड़ा है। इसका संबंध अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव से भी जोड़ा जा रहा है।
रसोई गैस भी 296 रुपये महंगी
नेपाल ऑयल कॉर्पोरेशन ने घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम में भी 296 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। इसके बाद अब एक सिलेंडर की कीमत 2,126 रुपये हो गई है।
निगम का कहना है कि नेपाल खुद तेल का उत्पादन नहीं करता और अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए पूरी तरह अंतरराष्ट्रीय बाजार पर निर्भर है। ऐसे में कच्चे तेल की कीमतों में मामूली बढ़ोतरी का भी सीधा असर देश के ईंधन बाजार पर पड़ता है।
कच्चा तेल 100 डॉलर प्रति बैरल के पार
बता दें कि हाल ही में पाकिस्तान और श्रीलंका में भी पेट्रोल-डीजल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी की गई है।
हालांकि भारत में फिलहाल स्थिति सामान्य बनी हुई है। सरकारी सूत्रों के अनुसार कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचने के बावजूद फिलहाल पेट्रोल और डीजल के दाम नहीं बढ़ाए जाएंगे।
सरकार ने देशभर में ईंधन की सुचारू आपूर्ति बनाए रखने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।

