रायपुर। किसानों की आय बढ़ाने और तिलहनी फसलों के उत्पादन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन-ऑयल पाम एवं तिलहन (NMEO) योजना का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। योजना के तहत किसानों को उन्नत बीज, आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी और नियमित तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे बेहतर उत्पादन के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
इसी क्रम में सरगुजा जिले के ग्राम ईरगवां निवासी किसान बेसाहू राम ने कृषि विभाग से संपर्क कर NMEO योजना का लाभ लिया। विभाग द्वारा उन्हें 40 किलोग्राम उन्नत किस्म का मूंगफली बीज निःशुल्क उपलब्ध कराया गया, जिसे उन्होंने अपनी एक एकड़ कृषि भूमि में बोया है।
वैज्ञानिक खेती से बेहतर उत्पादन की उम्मीद
बेसाहू राम ने बताया कि ग्राम कृषि विस्तार अधिकारी के मार्गदर्शन में खेत की समुचित तैयारी, वैज्ञानिक तरीके से बुवाई और फसल प्रबंधन किया गया। आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने से बीज का अंकुरण बेहतर हुआ है और फसल की बढ़वार भी संतोषजनक है। वर्तमान स्थिति को देखते हुए इस वर्ष मूंगफली की अच्छी पैदावार और आय में उल्लेखनीय वृद्धि की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि कृषि विभाग द्वारा समय पर गुणवत्तायुक्त बीज और तकनीकी सलाह मिलने से खेती की गुणवत्ता में सुधार आया है। वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने का लाभ सीधे उत्पादन में दिखाई दे रहा है, जिससे किसानों का आत्मविश्वास भी बढ़ा है।
किसानों से योजना का लाभ लेने की अपील
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि NMEO योजना के माध्यम से किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, आधुनिक कृषि तकनीक और नियमित तकनीकी परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे तिलहनी फसलों के उत्पादन में वृद्धि के साथ किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिल रही है।
विभाग ने जिले के किसानों से शासन की कृषि हितैषी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और वैज्ञानिक एवं आधुनिक खेती अपनाकर कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने की अपील की है।


